Saturday, August 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरगर्मी से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर, डीएम ने ली...

गर्मी से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर, डीएम ने ली समीक्षा बैठक

अम्बेडकरनगर। ग्रीष्म ऋतु से पहले जिले में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कलेक्ट्रेट में उच्चस्तरीय बैठक कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में सांसद लालजी वर्मा, एमएलसी हरिओम पांडे, विधायक रामअचल राजभर व राममूर्ति वर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और सभी अधिशासी अभियंता विद्युत भी उपस्थित रहे।
डीएम ने सांसद एवं विधायक निधि से चल रहे कार्यों की विधानसभावार समीक्षा करते हुए अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। मुख्य अभियंता ने बताया कि शेष कार्य मार्च के अंत तक पूरे कर लिए जाएंगे। डीएम ने पूर्ण कार्यों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने और उनके कर-कमलों से उद्घाटन कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यस्थल पर सूचना पट्ट लगाने को भी कहा।
आरडीएसएस योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि एबी केबल के तहत 1608 किमी के सापेक्ष 1607 किमी कार्य पूरा हो चुका है। इस पर डीएम ने विस्तृत विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में ऐसे मजरों के विद्युतीकरण पर भी जोर दिया गया, जहां अब तक बिजली सुविधा नहीं पहुंची है। खासकर शून्य से पांच और पांच से अधिक घरों वाले मजरों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आबादी के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों के शिफ्टिंग को लेकर जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर भी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि गर्मी में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments