बाराबंकी। बाराबंकी के औसानेश्वर मंदिर में घटना सुबह दो बजे हुई जब भक्त जलाभिषेक के लिए कतार में थे। एक तार टूटकर टिन शेड पर गिरने से करंट फैल गया जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। घायलों को हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया है जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। औसानेश्वर मंदिर में सोमवार भोर तीन बजे बिजली का करंट उतरने से भगदड़ मच गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
हैदरगढ़ स्थित औसानेश्वर मंदिर में रात 12 बजे से ही भक्त जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध थे। भोर तीन बजे श्रद्धालुओं को धूप-छांव से बचाने के लिए लगी टिन शेड पर एक तार टूटकर गिर गया, जिससे करंट फैल गया और भगदड़ मच गई। लोग एक-दूसरे को धक्का देकर भागने लगे। हादसे में कई लोग गिरकर दब गए।
दो की मौत, घायल अस्पताल में भर्ती

लोनीकटरा के मुबारकपुर निवासी 17 वर्षीय प्रशांत कुमार पुत्र राम कृपाल, 28 वर्षीय रमेश कुमार निवासी नक्टा सहेरिया थाना कोठी को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए सीएचसी त्रिवेदीगंज लाया गया जहां दोनेां की मौत हो गई। 37 लोग घायल हैं, जिनका इलाज हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज सीएचसी पर चल रहा है। वहीं, रायबरेली के मझीसा निवासी अर्जुन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
