अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद पेयजल एवं जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडीओ ने गत बैठक की कार्यवाही की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए।
बैठक के दौरान ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत अवशेष, विवादित एवं भूमि अनुपलब्ध आरआरसी केंद्रों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक शौचालयों में कार्यरत केयरटेकरों के मासिक भुगतान को समयबद्ध सुनिश्चित करने तथा शौचालयों की क्रियाशीलता, मरम्मत और क्लैपिया ऐप पर दर्ज कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सीडीओ ने आरआरसी केंद्रों पर ई–रिक्शा संचालन को नियमित बनाए रखने और संबंधित कर्मियों के भुगतान में किसी प्रकार की देरी न होने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा ठोस अपशिष्ट के पृथकीकरण के लिए लगाए गए श्रमिकों के समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत पूर्ण कार्यों की लंबित देनदारियों के शीघ्र भुगतान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। बैठक में फीकल स्लज मैनेजमेंट हेतु भूमि आवंटन के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई।
साथ ही ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक अपशिष्ट एकत्रीकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और स्वच्छता से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी अधिकारियों को शासन की मंशानुरूप कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर जनपद की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।