Saturday, August 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याचैत्र रामनवमी मेले के मद्देनजर अयोध्या में भारी वाहनों का डायवर्जन लागू

चैत्र रामनवमी मेले के मद्देनजर अयोध्या में भारी वाहनों का डायवर्जन लागू

अयोध्या। प्रान्तीयकृत चैत्र रामनवमी मेले को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 24 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे से 27 मार्च 2026 की रात्रि 12 बजे तक भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन लागू किया गया है। यह व्यवस्था मालवाहक भारी वाहन, ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टर आदि पर लागू रहेगी।

प्रशासन द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार सुल्तानपुर, रायबरेली, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, बस्ती, गोंडा, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, कानपुर, लखनऊ, सीतापुर एवं शाहजहांपुर की ओर से आने वाले वाहनों को विभिन्न मार्गों से डायवर्ट कर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे एवं अन्य वैकल्पिक मार्गों से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।

सुल्तानपुर और रायबरेली से आने वाले वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि आजमगढ़ व अंबेडकरनगर से आने वाले वाहनों को दोस्तपुर होकर एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा। बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहनों को हैदरगढ़ मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। बस्ती व गोंडा की दिशा से आने वाले वाहनों के लिए लोलपुर व नवाबगंज मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

इसी प्रकार गोरखपुर, संतकबीरनगर एवं अन्य जनपदों से आने वाले वाहनों को भी विभिन्न वैकल्पिक मार्गों से मोड़ते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे या अन्य सुरक्षित मार्गों पर भेजा जाएगा। लखनऊ, कानपुर और सीतापुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह डायवर्जन व्यवस्था आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी भारी वाहनों पर लागू रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, जिससे मेले के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments