Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या गुप्तार घाट पर चला स्वच्छता अभियान, बच्चों ने लिया नदी संरक्षण का...

गुप्तार घाट पर चला स्वच्छता अभियान, बच्चों ने लिया नदी संरक्षण का संकल्प

0

अयोध्या। ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत जिला गंगा समिति के तत्वावधान में मंगलवार को प्रसिद्ध गुप्तार घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में आयोजित अभियान में स्कूली बच्चों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर घाट परिसर की सफाई की।

जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे/जिला गंगा समिति) श्वेता साहू ने अभियान में शामिल स्कूली बच्चों को नदियों के पारिस्थितिक महत्व और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नदियां जीवनरेखा हैं और उनकी स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।

अभियान के दौरान बच्चों ने नदी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। नगर निगम की सफाई टीम ने घाट परिसर की सफाई व्यवस्था में सहयोग किया। मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अकील मसूद, सफाई निरीक्षक राकेश, सफाई नायक आनंद सहित टीम के कर्मचारियों ने अभियान में सहभागिता की।

सहायक वन प्रभाग की टीम तथा कैंटोनमेंट बोर्ड अयोध्या के शिवकुमार, राहुल, अनिल और अशोक ने भी सफाई अभियान में योगदान दिया। जिंगल बेल स्कूल की शिक्षिकाओं गुंजन और कामिनी तिवारी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने श्रमदान किया।

अभियान में भारतीय वन्यजीव संस्थान से नीरज कुमार, जलज, असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर विशाल कुमार, गंगा प्रहरी तथा स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की। आयोजकों ने लोगों से घाटों और नदी क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा प्लास्टिक एवं अन्य कचरा नदी में न डालने की अपील की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version