अंबेडकर नगर। थाना अहिरौली क्षेत्र में बीती रात बदमाशों ने एक के बाद एक तीन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। असलहे के बल पर मोबाइल और नगदी लूटने के साथ ही पीड़ितों को मारपीट कर घायल भी किया गया। लगातार घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
राजेंद्र प्रजापति
पहली घटना रामदेव जनता इंटर कॉलेज के समीप हुई, जहां सब्जी विक्रेता सुनील मौर्या रात करीब नौ बजे घर लौट रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर मोबाइल और नगदी छीन लिया तथा असलहे से सिर पर वार कर भाग निकले।
दूसरी वारदात अशरफपुर बरवां के टिकुलीगंज नहर मार्ग पर हुई। यहां पशु चिकित्सक शिवशंकर बर्मा निवासी कोडरा अपनी बाइक से गुजर रहे थे। तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में बाइक को घेर लिया। मास्क लगाए बदमाशों ने असलहे के बल पर मोबाइल और नगदी छीन लिया और हरीपुर माइनर की तरफ फरार हो गए।
तीसरी घटना हरीपुर आनंदगढ़ गांव के पास हुई। पीड़ित राजेंद्र प्रजापति, जो गांव में मिठाई की दुकान चलाते हैं, जब घर लौट रहे थे तो बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। असलहा दिखाकर चाभी छीन ली, मारपीट की और मोबाइल छीनकर भाग निकले।
इन घटनाओं से जहां ग्रामीणों में भय व्याप्त है, वहीं लोगों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच अहिरौली पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की तलाश में टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। इस विषय में जब क्षेत्राधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।