Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर 2027 में गौ रक्षा बनेगा बड़ा चुनावी मुद्दा : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

2027 में गौ रक्षा बनेगा बड़ा चुनावी मुद्दा : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और गौवंश संरक्षण के उद्देश्य से निकाली जा रही 81 दिवसीय गविष्टि यात्रा मंगलवार को जलालपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंची। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के नेतृत्व में निकली यात्रा का फुलवरिया बाजार समेत कई स्थानों पर लोगों ने जोरदार स्वागत किया।

यात्रा की शुरुआत फुलवरिया बाजार से हुई, जहां बड़ी संख्या में समर्थकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि वर्ष 2027 का चुनाव गौ माता की रक्षा के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति गौ रक्षा के लिए प्रतिबद्ध होगा, वही उनके वोट का अधिकारी होगा।

उन्होंने कहा कि अब तक लोग बिजली, पानी और सड़क जैसे मुद्दों पर मतदान करते रहे हैं, लेकिन आने वाले समय में गौ रक्षा सबसे बड़ा जन मुद्दा बनेगा। उन्होंने कहा कि गाय केवल दूध देने के लिए नहीं, बल्कि आशीर्वाद देने के लिए होती है।

आचार्य ने नारा देते हुए कहा, जो गौ हत्या पर चोट करेगा, हम उसी को वोट देंगे। उन्होंने प्रदेश में अवैध बूचड़खानों और गौ हत्या के मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि गौ मांस निर्यात से जुड़े लोग गौ माता की रक्षा नहीं कर सकते। गौ हत्या करने वाला समाज का हितैषी नहीं हो सकता।

इस दौरान आचार्य ने जिला पंचायत सदस्य जयप्रकाश यादव को अपना प्रतिनिधि नियुक्त करते हुए गौधाम केंद्र निर्माण के लिए जनसहयोग जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी।

कार्यक्रम में सुभाष राय, अभिषेक सिंह, आलोक यादव, राधेश्याम यादव समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

आचार्य का काफिला सुबह नौ बजे फुलवरिया पहुंचा। इसके बाद यात्रा नेवादा, अमरपुर, जलालपुर, रफीगंज और दुल्हूपुर होते हुए आलापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना हो गई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version