Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर थाना सीमा पर मिले गोवंश के अवशेष, चार घंटे चली पैमाइश के...

थाना सीमा पर मिले गोवंश के अवशेष, चार घंटे चली पैमाइश के बाद तय हुआ क्षेत्राधिकार

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका और बसखारी थाना क्षेत्र की सीमा पर मंगलवार सुबह गोवंश के अवशेष मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में पुलिस ने गड्ढा खोदकर अवशेषों को दफन कराया।

मामला उस समय दिलचस्प हो गया, जब कटका और बसखारी थाना पुलिस घटना स्थल को अपने-अपने थाना क्षेत्र से बाहर बताने लगी। अवशेष अमोला बुजुर्ग जाने वाली सड़क से करीब 200 मीटर दूर इंदईपुर पुल के पास, तिघरा दाउदपुर और इमादपुर ग्राम पंचायत की सीमा के निकट मिले थे।

क्षेत्राधिकार को लेकर बढ़े विवाद के बाद दोनों गांवों के हल्का लेखपालों को मौके पर बुलाया गया। राजस्व टीम ने करीब चार घंटे तक पैमाइश और जांच-पड़ताल की। लंबी मशक्कत के बाद राजस्व विभाग ने घटना स्थल को कटका थाना क्षेत्र में बताया। हालांकि स्थानीय स्तर पर सीमा को लेकर अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

उधर, गोवंश के अवशेष मिलने की खबर से ग्रामीणों में आक्रोश और चर्चा का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवशेष वहां कैसे पहुंचे।

एसओ कटका अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में आवश्यक छानबीन शुरू कर दी गई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version