Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामुख्यमंत्री डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए गए सुधारात्मक और समयबद्ध...

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए गए सुधारात्मक और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

अयोध्या। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास योजनाओं एवं विभागीय प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने की, जिसमें जनपद की रैंकिंग, विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति, लंबित प्रकरणों तथा विभागवार प्रगति को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अल्पसंख्यक कल्याण एवं समाज कल्याण विभाग से दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी प्राप्त आवेदनों का सत्यापन शीघ्र पूर्ण कराया जाए। एनआरएलएम की समीक्षा करते हुए ग्राम निधि में प्रगति लाने और लंबित प्रकरणों की संख्या कम करने के निर्देश दिए गए।

पर्यटन विभाग की समीक्षा में डीडी पर्यटन को लंबित योजनाओं का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग से सेतु निर्माण एवं नई सड़कों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए व्यय के अनुरूप गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने निर्देशित किया कि जो सड़क निर्माण कार्य पूर्णता की स्थिति में हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कर मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अद्यतन किया जाए, जिससे जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके।

उद्योग विभाग को टूल किट वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के लिए जोड़ों के आवेदन एवं सत्यापन शीघ्र पूर्ण कराने, मंच व्यवस्था, सामग्री की गुणवत्ता तथा जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किए जाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग को जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। जिला प्रोबेशन अधिकारी को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजना का लाभ पहुंचाने, सत्यापन में पारदर्शिता रखने तथा कैंप लगाकर अधिक से अधिक पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित सभी सूचनाएं समयबद्ध और शत-प्रतिशत अद्यतन रहनी चाहिए। शासन की प्राथमिक योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments