Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उर्स मेले की तैयारी को लेकर समन्वय बैठक...

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उर्स मेले की तैयारी को लेकर समन्वय बैठक सम्पन्न, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

0

अंबेडकरनगर। आगामी किछौछा उर्स मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक जिला कार्यालय सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक केशव कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं किछौछा दरगाह के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दरगाह पदाधिकारियों से संवाद करते हुए मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने विगत वर्षों में आई कमियों को चिन्हित करते हुए इस वर्ष की तैयारियों को और भी बेहतर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि किसी भी मेलार्थी को असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत किछौछा को निर्देशित किया कि पूरे मेला क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दिन एवं रात दोनों समय सफाई कराई जाए, चूने का छिड़काव एवं फॉगिंग नियमित रूप से हो। साथ ही, खोया-पाया केंद्र विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जाएं।  स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि मेले में जगह-जगह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिल सके।

विद्युत व्यवस्था के मद्देनज़र अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देशित किया गया कि सभी ढीले तारों की मरम्मत समय रहते कराई जाए और मोबाइल ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्युत आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने अपर पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि मेले में सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए और मेले के विभिन्न बिंदुओं पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि भीड़ पर निगरानी रखी जा सके और कोई अप्रिय घटना न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. सदानंद गुप्ता, उप जिलाधिकारी टांडा, क्षेत्राधिकारी टांडा, अध्यक्ष नगर पंचायत किछौछा, अधीक्षण अभियंता विद्युत समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version