Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर लगातार चोरियों से दहशत, पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल

लगातार चोरियों से दहशत, पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अम्बेडकरनगर। नगर व ग्रामीण अंचलों में बीते कुछ दिनों से चोरी की लगातार हो रही घटनाओं ने आमजन की नींद उड़ा दी है। कोतवाली क्षेत्र में एक के बाद एक वारदातों से जहां ग्रामीण और व्यापारी वर्ग में दहशत व्याप्त है, वहीं पुलिस की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में आ गई है। नवागत कोतवाल अजय कुमार यादव के कार्यभार संभालने के बाद चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।
रविवार की रात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत कैथा में अज्ञात चोरों ने ग्राम प्रधान दिनेश चौधरी के प्राथमिक विद्यालय के बगल स्थित ट्यूबवेल से मोटर चोरी कर ली। साथ ही विद्यालय के स्टोर रूम में रखे हजारों रुपये के सामान पर भी हाथ साफ कर दिया। इसी गांव में गुरु चरण वर्मा के ट्यूबवेल का ताला तोड़कर मोटर ले जाने का प्रयास किया गया, हालांकि चोर सफल नहीं हो सके। गांव निवासी रोशन लाल के खेत में लगे ट्यूबवेल की जंजीर तोड़ दी गई, जबकि साधु नामक ग्रामीण के घर में भूसे में रखी तीन बोरी गेहूं भी चोर उठा ले गए।
सुबह जब ग्रामीणों को घटनाओं की जानकारी हुई तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर सराय चौक स्थित अमूल पार्लर में सेंधमारी कर चोर लगभग 35 हजार रुपये नकद व करीब 10 हजार रुपये का सामान ले गए थे। दुकानदार द्वारा उपलब्ध कराए गए सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की तस्वीर स्पष्ट होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
वहीं मित्तूपुर रोड स्थित एस.के. बरतन भंडार के गोदाम का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया, जिसकी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। शिवम कॉलोनी में एक जनरल स्टोर की पीछे की दीवार तोड़कर चोरी की कोशिश की गई, लेकिन आसपास के लोगों के सतर्क हो जाने पर चोर फरार हो गए।
लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों व ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इस संबंध में कोतवाल अजय कुमार यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर तलाश की जा रही है। अन्य घटनाओं में प्राप्त शिकायती पत्रों के आधार पर जांच की जा रही है और शीघ्र खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version