Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या मानसिक रूप से विशेष बच्चों के लिए आधुनिक आवासीय विद्यालय का निर्माण...

मानसिक रूप से विशेष बच्चों के लिए आधुनिक आवासीय विद्यालय का निर्माण तेज

0

अयोध्या। मानसिक रूप से विशेष बच्चों के लिए सुरक्षित और समग्र विकास केंद्र तैयार किए जाने के उद्देश्य से अयोध्या में नया आवासीय विद्यालय बन रहा है। हैरिंगटनगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत मुकीमपुर पहाड़पुर शाहगंज में 9 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नवीन ममता राजकीय मानसिक मंदित विद्यालय परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। यह संस्थान उन बच्चों के लिए विकसित किया जा रहा है जिन्हें सामान्य स्कूलों में आवश्यक सहयोग और उपयुक्त वातावरण नहीं मिल पाता।

विद्यालय परिसर में आधुनिक शिक्षण कक्ष, सुसज्जित छात्रावास, भोजनालय, प्रशासनिक भवन, मनोरंजन क्षेत्र, काउंसलिंग एवं थेरेपी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। यह केंद्र पूरी तरह आवासीय होगा, जहाँ रहने, भोजन, स्वास्थ्य देखभाल और दैनिक गतिविधियों से संबंधित सुविधाएँ एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।

परियोजना का निर्माण कार्य सितंबर 2025 में शुरू हुआ था और इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड निर्माण गुणवत्ता और समयबद्धता पर निगरानी रख रही है। भवनों के स्ट्रक्चर का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है और साइट पर नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।

इस विद्यालय से अयोध्या के अलावा अम्बेडकरनगर, सुल्तानपुर, बाराबंकी सहित आसपास के जिलों के मानसिक रूप से विशेष बच्चों को लाभ मिलेगा। आवासीय सुविधा के साथ बच्चों को सुरक्षित और भावनात्मक रूप से अनुकूल वातावरण देने की योजना है ताकि उनके विकास में सहायता मिल सके।

विद्यालय में शैक्षणिक सुविधा के साथ व्यवहारिक थेरेपी, स्पीच थेरेपी, जीवन कौशल प्रशिक्षण और व्यावसायिक प्रशिक्षण जैसी गतिविधियाँ भी प्रस्तावित हैं, जिससे बच्चों की आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि परियोजना निर्धारित समय सीमा में पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है और इसके शुरू होने से विशेष बच्चों के लिए शिक्षा व पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध होगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version