Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जिले में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शुरू, शिक्षकों को मिलेगा पांच...

जिले में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शुरू, शिक्षकों को मिलेगा पांच लाख तक मुफ्त इलाज

0

अंबेडकर नगर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का रविवार को जनपद में शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को योजना की जानकारी दी गई तथा चयनित लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से डिजिटल कैशलेस हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। योजना के तहत प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षक, प्राध्यापक और उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष 5 लाख तक का कैशलेस उपचार मिलेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडेय और कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।

एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उनका स्वस्थ और सुरक्षित रहना समाज और देश के भविष्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबके कल्याण’ के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। अब शिक्षकों को गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज के लिए आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।

जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि जनपद के सभी पात्र शिक्षकों और उनके आश्रितों के डिजिटल हेल्थ कार्ड समयबद्ध तरीके से बनवाए जाएंगे, ताकि प्रत्येक लाभार्थी को योजना का लाभ आसानी से मिल सके।

समारोह के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों से आए शिक्षक-लाभार्थियों को डिजिटल हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। कार्ड मिलने पर शिक्षकों ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में नोडल अधिकारी (उच्च शिक्षा) प्रो. अरविन्द कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों और उपस्थित शिक्षकों का आभार जताया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version