अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या में प्रस्तावित ध्वजारोहण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री का यह नवंबर माह में पहला अयोध्या दौरा है। दौरे की शुरुआत उन्होंने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन से की।
हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीरामलला के दर्शन किए और मंदिर परिसर में निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों ने उन्हें निर्माण से जुड़े विभिन्न चरणों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में लोग दर्शनस्थलों पर मौजूद रहे। श्रीरामलला मंदिर से बाहर निकलते समय स्थानीय लोगों ने उनका अभिवादन किया।
अयोध्या आगमन पर रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में उनका स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान तथा बीजेपी जिलाध्यक्ष संजीव सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।