जलालपुर अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के धमरूवा गांव में बीते सोमवार को 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है। पीएम रिपोर्ट के अनुसार युवक की मौत फांसी लगाने से हुई है।
जानकारी के अनुसार धमरूवा गांव निवासी नाटे(35) पुत्र जयराम का शव सोमवार को राममिलन की बाग में पेड़ से फंदे के सहारे लटकता हुआ मिला था। सूचना मिलते ही मालीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
ग्रामीणों के मुताबिक मृतक 2 जनवरी से लापता था, जिसके परिजन और ग्रामीण तलाश कर रहे थे। शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं और कुछ लोगों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका भी जताई थी।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला स्पष्ट हो गया है। मालीपुर थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में युवक की मौत आत्महत्या से होना पाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़ी अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।