Wednesday, October 21, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरदंपति की मौत का राज गहराया, पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित

दंपति की मौत का राज गहराया, पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित

जलालपुर, अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले दंपति की मौत का मामला उलझता जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के बिसरे को सुरक्षित रखे जाने से मौत के कारणों को लेकर रहस्य और गहरा गया है। एक ओर पुलिस जंगली जानवर के हमले से मौत की आशंका जता रही है, वहीं वन विभाग की ओर से इससे अलग जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। ऐसे में अब बिसरा जांच की रिपोर्ट से मौत की असल वजह सामने आने की उम्मीद है।
विदित हो कि सोमवार की सुबह खेत की सिंचाई करने गए आजनपारा गांव निवासी विष्णु लाल और उनकी पत्नी द्रोपती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
घटना के बाद से ही दंपति की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों को उम्मीद थी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा हो जाएगा, लेकिन पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित रखे जाने से मामला और पेचीदा हो गया है। पुलिस जहां जंगली जानवर के हमले को मौत की वजह मानकर चल रही है, वहीं वन विभाग की ओर से सामने आई जानकारी इस आशंका से अलग बताई जा रही है। ऐसे में घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ अंतिम संस्कार


सोमवार देर शाम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को दंपति के शव गांव पहुंचे। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कन्नूपुर घाट पर उनके बड़े पुत्र शनि ने माता-पिता का अंतिम संस्कार किया। अंतिम संस्कार संपन्न होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।


बिसरा जांच से खुलेगा मौत का राज


इस संबंध में मालीपुर थानाध्यक्ष तनुज पाल ने बताया कि मृतकों का बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। बिसरा जांच की रिपोर्ट और पुलिस की छानबीन के बाद ही दंपति की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल घटना को लेकर गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments