◆ पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी व विधायक दिखाएंगे हरी झंडी, प्रशासनिक अधिकारियों ने किया तैयारियों का निरीक्षण
अयोध्या। मां दुर्गा की प्रतिमाओं की भव्य विसर्जन शोभायात्रा सोमवार को सुबह 10 बजे राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) से निकाली जाएगी। केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति ने शोभायात्रा को व्यवस्थित और भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। शोभायात्रा को पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक रामचंद्र यादव, विधायक अभय सिंह, विधायक चंद्रभानु पासवान और डॉ. अमित सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने का कार्यक्रम है।
शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर केंद्रीय समिति की कार्यसमिति की बैठक सुभाष नगर स्थित शुभम हाट में हुई। बैठक में समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा को श्रद्धालुओं के समक्ष भव्य और व्यवस्थित स्वरूप में प्रस्तुत करने के लिए कार्यकर्ता पिछले दो महीने से मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए प्रशासन से पूर्व में किए गए अनुरोध के अनुरूप सहयोग अपेक्षित है।
जिला संयोजक गगन जायसवाल ने बताया कि प्रतिमाओं को टोकन देने, शोभायात्रा निकालने, विसर्जन घाट पर व्यवस्था बनाने और भंडारे में प्रसाद वितरण के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतिमाओं को टोकन देने की व्यवस्था में अतुल सिंह, गगन जायसवाल और जनार्दन पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ता लगाए गए हैं। सुबह जीआईसी से शोभायात्रा निकालने की जिम्मेदारी जेएन चतुर्वेदी, तारकेश्वर शर्मा और केशव बिगुलर के नेतृत्व वाली टीम को दी गई है।
विसर्जन घाट पर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के लिए समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ शक्तिवाहिनी की कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। वहीं, भंडारे में प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी रोहित अग्रवाल, अंकुश गुप्ता और विवेक साहू के नेतृत्व वाली टीम को सौंपी गई है।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
बैठक से पहले अपर जिलाधिकारी नगर दिनेश, पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट संजीव कुमार उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी और नगर निगम के अपर आयुक्त नागेंद्र यादव ने केंद्रीय समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ पूजा पंडालों तथा राजकीय इंटर कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विसर्जन शोभायात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस विभाग के जिला समन्वयक जेएन चतुर्वेदी, नगर निगम कार्य प्रभारी अतुल सिंह, अखिलेश पाठक, रोहिताश्व चंद्र राजू, जनार्दन पांडेय, रविकांत आर्य और देवेंद्र अग्रहरि सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।