◆ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया पौधरोपण अभियान
अयोध्या। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री हर्ष वर्धन सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को जनपद अयोध्या के विभिन्न क्षेत्रों में ‘पंचवटी वृक्षारोपण अभियान’ की शुरूआत हुई। अपराजिता फाउंडेशन के सहयोग से संचालित इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-संतुलित अयोध्या के निर्माण का संकल्प साकार करना है। अभियान के तहत आम, आँवला, अमरूद, जामुन और नीम जैसे पर्यावरण एवं स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का पंचवटी स्वरूप में रोपण किया गया। आयोजकों के अनुसार इन पौधों के माध्यम से जैव विविधता को बढ़ावा देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
