Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सीसीटीवी की नजर में परीक्षा केंद्र, कुलपति ने परखी व्यवस्थाएं

सीसीटीवी की नजर में परीक्षा केंद्र, कुलपति ने परखी व्यवस्थाएं

0

कुलपति ने परमहंस महाविद्यालय समेत कई परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश


अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत संचालित स्नातक एवं परास्नातक की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं में पारदर्शिता और नकलविहीन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। गुरुवार को तीन पालियों में परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। परीक्षा में पंजीकृत 1,02,691 परीक्षार्थियों में से 3,234 अनुपस्थित रहे।

परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने परमहंस महाविद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों की व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने और परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के बुनियादी ढांचे, तकनीकी निगरानी और मूल्यांकन की गति को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फीडबैक के आधार पर आगामी समय में परीक्षा संचालन को और अधिक सुगम एवं तकनीक आधारित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा की निगरानी के लिए केंद्रीय नियंत्रण कक्ष में चार दर्जन से अधिक मॉनिटर लगाए हैं। इनके माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी आईटी विशेषज्ञों द्वारा की जा रही है। तकनीकी निगरानी के साथ केंद्रों पर सतर्कता बरतकर नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और छात्र हितैषी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version