◆ भारत और नेपाल के सम्बंध को बताया हजारों वर्षो की आस्था व पारिवारिक रिश्तों से बना
◆ जनकपुर व अयोध्या में विवाह पंचमी पर होने वाले आयोजनों का किया जिक्र
अयोध्या। सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों का राजनीतिक या भौगोलिक संबंध नहीं है, बल्कि यह हजारों वर्षों की साझा आस्था, आत्मीयता, संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों से बना है। इसे राम-जानकी की परंपरा में रोटी-बेटी का रिश्ता कहा जाता है। महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का मिथिला जाना तथा विवाह के उपरांत महाराजा दशरथ की बारात का अयोध्या से जनकपुर पहुंचना आज भी दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक स्मृतियों में जीवंत है। विवाह पंचमी सहित विभिन्न पारंपरिक आयोजनों में इस प्रसंग को उत्सव के रूप में मनाया जाता है। अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं और मिथिला क्षेत्र में भगवान श्रीराम को पाहुन मानकर उनके प्रति विशेष आत्मीयता और सम्मान का भाव है।
उन्होंने कहा कि जनकपुर के राम-जानकी विवाह मंडप में विवाह पंचमी का उत्सव मनाया जाता है तो अयोध्या में भी मंगल गीत गूंजते हैं। पिछले वर्ष विवाह पंचमी के अवसर पर ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा की स्थापना हुई थी। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के लगभग 500 वर्षों के लंबे संघर्ष का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा में नेपाल के संतों, युवाओं, माताओं-बहनों और सामान्य श्रद्धालुओं का त्याग एवं सहयोग सदैव स्मरणीय रहेगा। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर माता जानकी के मायके जनकपुर धाम से सैकड़ों श्रद्धालु मंगल उपहार लेकर स्नेहपूर्वक अयोध्या पहुंचे थे।
सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या और जनकपुर के बीच जीवंत होंगे सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्ते
