Friday, March 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याअपनी ही सरकार में धरने पर बैठे भाजपा विधायक व पदाधिकारी

अपनी ही सरकार में धरने पर बैठे भाजपा विधायक व पदाधिकारी


रुदौली में चौधरी समाज का धरना, प्रशासनिक कार्रवाई पर भड़के सत्तारूढ़ दल के नेता


रुदौली, अयोध्या। जिले की रुदौली तहसील बुधवार को सियासी गर्माहट का केंद्र बन गई, जब सत्तारूढ़ दल के ही विधायक और पदाधिकारी अपनी सरकार में खुलकर मैदान में उतर आए। चौधरी समाज के लोगों पर दर्ज कथित फर्जी चोरी के मुकदमे के विरोध में भाजपा विधायक रामचंद्र यादव ने पार्टी पदाधिकारियों संग तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।

धरना-प्रदर्शन की शुरुआत उस समय हुई जब चौधरी समाज के सैकड़ों लोग नगर पंचायत कामाख्या धाम के अधिशासी अधिकारी द्वारा कराए गए मुकदमे के विरोध में तहसील परिसर पहुंच गए। आरोप है कि थाना बाबा बाजार में नौ लोगों पर चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि जिस पेड़ की चोरी का आरोप लगाया गया है, वह पेड़ अब भी मौके पर खड़ा है। समाज के लोगों ने संबंधित लेखपाल पर गलत रिपोर्ट देने का भी आरोप लगाया है।

धरने में भाजपा विधायक रामचंद्र यादव, जिला महामंत्री राधेश्याम त्यागी, अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक रंजिश का परिणाम है और निर्दोषों को फंसाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि मुकदमा तत्काल वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी बताया कि आगामी 22 नवंबर को झलकारीबाई जयंती का भव्य आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रण भेजा जा चुका है। बावजूद इसके, प्रशासन द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई करना समाज के प्रति दुर्भावना का परिचायक है।

सूत्रों के अनुसार, इस प्रकरण की शिकायत भाजपा विधायक और पार्टी के अनुसूचित मोर्चा पदाधिकारी पहले ही मुख्यमंत्री तक पहुंचा चुके हैं। बावजूद इसके जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो समाज के भीतर गहरी नाराज़गी फैल गई। धरने के चलते रुदौली में दिनभर सियासी माहौल गरम रहा। अपनी ही सरकार में विधायक और पदाधिकारियों का खुला विरोध अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments