◆ दो महीने से वेतन बकाया होने का आरोप, पीएफ कटौती और सुपरवाइजर पर धमकी देने का दावा
अयोध्या। जिला अस्पताल में वेतन न मिलने से नाराज सफाई कर्मचारियों ने इमरजेंसी के सामने धरना देते हुए प्रर्दशन किया है। जिसके चलते अस्पताल परिसर में जगह-जगह कूड़े का ढेर लग गया है और सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई। हांलाकि आश्वासन के उपरांत सफाई कर्मचारी काम पर वापस आ गए।
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें सितंबर से वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा पिछले आठ से नौ महीने से उनके वेतन से भविष्य निधि (पीएफ) की कटौती भी नहीं की जा रही है। कर्मचारियों के मुताबिक, उनका मासिक वेतन महज 7,200 रुपये है, जिसमें से भी कटौती की जाती है। इसके बावजूद समय पर भुगतान नहीं होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने वेतन के संबंध में पूछताछ करने पर सुपरवाइजर पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उनका दावा है कि उन्हें पिटवाने की धमकी दी गई। वेतन बकाया होने और कथित धमकी से नाराज कर्मचारी इमरजेंसी वार्ड के सामने धरने पर बैठ गए।
सफाई कर्मचारियों की मांग है कि उनका बकाया वेतन तत्काल जारी किया जाए और भविष्य में भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पीएफ से संबंधित समस्या का भी समाधान कराया जाए। धरने के कारण अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से मरीजों और तीमारदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।