◆ विधायक व महानगर अध्यक्ष ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के 22 जुलाई को आयोजित होने वाले बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव तथा संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय स्थित विवेकानंद प्रेक्षागृह पहुंचकर तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
निरीक्षण के दौरान मंच की साज-सज्जा, मुख्य अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, बूथ अध्यक्षों के लिए निर्धारित बैठक व्यवस्था, पंजीकरण काउंटर, स्वागत कक्ष, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, ध्वनि विस्तारक यंत्र, एलईडी स्क्रीन, सुरक्षा व्यवस्था तथा स्वयंसेवकों की तैनाती सहित सभी व्यवस्थाओं को देखा। इसके साथ ही विभिन्न दायित्वों में लगाए गए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां स्पष्ट करते हुए समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि बूथ अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं। सम्मेलन के माध्यम से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी संगठनात्मक एवं चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए महानगर इकाई के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं।
इस दौरान शैलेन्द्र कोरी, तिलकराम मौर्या, बालकष्ण वैश्य, हरभजन गौड, अमल गुप्ता, सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।