अम्बेडकर नगर। विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर सोमवार को जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला चिकित्सालय में रेबीज से बचाव और समय पर उपचार के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान गोष्ठियों के साथ एंटी-रेबीज मॉडल क्लिनिक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने की। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीएन यादव, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. सुल्तान अहमद, हॉस्पिटल मैनेजर डॉ. हर्षित समेत चिकित्साधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
गोष्ठी में बताया गया कि कुत्ते या किसी संदिग्ध पशु के काटने पर घाव को तत्काल साबुन और बहते पानी से कम से कम 15 मिनट तक धोना चाहिए। इसके बाद बिना देरी किए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवानी चाहिए। चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार रेबीज इम्यूनोग्लोबुलिन भी दिया जाता है। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को झाड़-फूंक और घरेलू उपचार से बचने की सलाह दी।
इस अवसर पर पोस्ट एक्सपोजर प्रोफाइलेक्सिस एंटी-रेबीज टीकाकरण तथा पशु के काटने के बाद बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने एंटी-रेबीज मॉडल क्लिनिक का भ्रमण कर वैक्सीन की उपलब्धता, मरीजों के पंजीकरण और उपचार प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।