अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या में सत्र 2025-26 के अंतर्गत एनईपी पाठ्यक्रम के स्नातक एवं परास्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं आठ जनवरी से प्रारंभ होंगी। इन परीक्षाओं में कुल 2 लाख 6 हजार 984 छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे।
परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 19 नोडल केंद्र तथा 509 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। विश्वविद्यालय पहली बार ‘समर्थ पोर्टल’ के माध्यम से परीक्षा आयोजित कर रहा है। इसी पोर्टल के जरिए छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं तथा महाविद्यालयों को सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर सहित संबद्ध महाविद्यालयों में नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सचल दलों का गठन कर परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी की जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है, जिसे विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और सभी महाविद्यालयों के लॉग-इन पर उपलब्ध कराया गया है। स्नातक एवं परास्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के लिए निर्धारित 509 केंद्रों पर ही आयोजित की जाएंगी।