अयोध्या। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड टेस्टिंग इंस्टीट्यूट (डीटीटीआई), उदया चौराहा में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने किया। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले अभियान में यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं में कई परिवार प्रभावित होते हैं। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा गलत दिशा में वाहन चलाने से परहेज जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और अनुशासित वाहन संचालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। युवाओं को यातायात नियमों के प्रति विशेष रूप से जागरूक करने की आवश्यकता है।
पुलिस अधीक्षक यातायात सुधीर कुमार जायसवाल ने बताया कि नवंबर माह में यातायात सड़क सुरक्षा माह भी मनाया जा रहा है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में विधायक ने अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। इसके बाद जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पखवाड़े के दौरान स्टंट ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग पर कार्रवाई होगी। बिना एचएसआरपी और शीशों पर काली फिल्म लगे वाहनों के विरुद्ध भी प्रवर्तन किया जाएगा। इसके साथ ही अवैध बस, टैक्सी और ई-रिक्शा स्टैंड हटाने की कार्रवाई होगी। कार्यक्रम में उप परिवहन आयुक्त राजकुमार सिंह, एआरटीओ प्रशासन डॉ. आरपी सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन गुलाब चंद्र सहित परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।