Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जमीन विवाद को लेकर मारपीट, मुकदमा दर्ज

जमीन विवाद को लेकर मारपीट, मुकदमा दर्ज

0
ayodhya samachar

जलालपुर अम्बेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ग्यासपुर निवासी राजकुमार ने कोतवाली में एक प्रार्थना पत्र देकर अपने ही बड़े भाई और भाभी पर मारपीट व उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। प्रार्थी के अनुसार वह तीन भाई हैं , रामचंद्र पाल, अजीत पाल और स्वयं राजकुमार। पिता द्वारा पूर्व में तीनों भाइयों का आपसी बंटवारा कर दिया गया था। बंटवारे के बाद अजीत पाल और राजकुमार अपने माता-पिता के साथ रहकर उनकी देखरेख कर रहे हैं, जबकि बड़े भाई रामचंद्र पाल अपनी पत्नी के साथ अलग रहते हैं और माता-पिता से कोई वास्ता नहीं रखते।
प्रार्थी ने आरोप लगाया कि बड़े भाई रामचंद्र पाल और उसकी पत्नी आए दिन घर में विवाद उत्पन्न करते रहते हैं। आरोप है कि विपक्षी जबरन अवैध तरीके से अजीत पाल के हिस्से की जमीन में मेड़ बढ़ाकर कब्जा करना चाहते हैं। वर्तमान में अजीत पाल रोजी-रोटी के सिलसिले में शहर गया हुआ है, ऐसे में घर और माता-पिता की जिम्मेदारी राजकुमार पर ही है।
प्रार्थी का कहना है कि जब उसने इस अवैध कब्जे का विरोध किया तो विपक्षी रामचंद्र पाल और उसकी पत्नी ने एकजुट होकर उसे और उसके माता-पिता को गाली-गलौज दी। आरोप है कि इसके बाद मारपीट शुरू कर दी गई। इस दौरान विपक्षी की पत्नी ने लाठी से राजकुमार के सिर पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। वहीं बीच-बचाव करने आई माता को भी लाठी से मारा-पीटा गया, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। इस घटना के बाद से पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव में है।
राजकुमार ने प्रार्थना पत्र के माध्यम से प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि विपक्षी किसी भी हाल में मानने को तैयार नहीं हैं और आए दिन झगड़ा कर परिवार को परेशान करते रहते हैं।
इस मामले में जलालपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version