Home Uncategorized नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार के आरोप, जांच के आदेश

नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार के आरोप, जांच के आदेश

0

अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। प्रभारी कुलपति पर पहले से लगे आरोपों के बाद अब शिकायतों का दूसरा मामला सामने आया है।

देवरिया जिले के आरटीआई एक्टिविस्ट विजेश मिश्रा ने विश्वविद्यालय के कुलपति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) में चल रही परियोजनाओं में सिर्फ कागजी काम दिखाकर करोड़ों रुपये का बंदरबांट किया गया। इसके साथ ही उन्होंने कुलपति के कार्यकाल में की गई नियुक्तियों की निष्पक्ष जांच सहित 10 बिंदुओं पर शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश शासन विनोद कुमार सिंह ने अयोध्या मंडलायुक्त को जांच सौंपी है।

वहीं दूसरी ओर रुदौली विधायक और विश्वविद्यालय प्रबंधन परिषद के सदस्य रामचंद्र यादव ने भी विश्वविद्यालय में हुई अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के लिए वित्त नियंत्रक को जिम्मेदार ठहराया है। विधायक ने प्रदेश के निदेशक कोषागार, जवाहर भवन लखनऊ को पत्र भेजकर वित्त नियंत्रक पर सरकार के विरुद्ध कार्य करने और सरकारी धन के अपव्यय का आरोप लगाया है।

शिकायतों में कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह और वित्त नियंत्रक नीरज श्रीवास्तव दोनों के नाम शामिल हैं। इन आरोपों को लेकर विश्वविद्यालय परिसर सहित पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

गौरतलब है कि कृषि विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति वर्तमान में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्थायी कुलपति भी हैं। विधायक रामचंद्र यादव का कहना है कि उन्हें मिली जानकारी के आधार पर वित्त नियंत्रक के खिलाफ कोषागार निदेशक के यहां शिकायत दर्ज कराई गई है। अब सभी की निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version