अयोध्या। थाना कुमारगंज पुलिस ने मोबाइल चोरी और मारपीट के आरोपी उदय प्रताप सिंह को बहबरमऊ रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी हुआ मोबाइल वीवो Y300 भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार बहबरमऊ निवासी अनुराग तिवारी ने पुलिस को दी गई सूचना में बताया था कि 2 सितंबर की शाम करीब छह बजे उदय प्रताप सिंह निवासी उस्कामऊ, थाना हलियापुर जिला सुलतानपुर और धर्मेन्द्र सिंह उर्फ धम्मू निवासी तिन्दौली थाना कुमारगंज उसके घर में घुस आए थे।
दोनों ने पैसों के विवाद को लेकर गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए उसकी पैंट की जेब में रखा वीवो Y300 मोबाइल फोन निकालकर ले गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई थीं।
थानाध्यक्ष कुमारगंज ओम प्रकाश ने बताया कि दरोगा गौरव कुमार पाण्डेय समेत पुलिस टीम सक्रिय थी। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि उदय प्रताप सिंह बहबरमऊ रोड के पास मौजूद है। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में चोरी हुआ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। गिरफ़्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दूसरे आरोपी धर्मेन्द्र सिंह उर्फ धम्मू की तलाश जारी है।