अयोध्या। कोतवाली अयोध्या क्षेत्र में मजदूरी मांगने पर एक युवक के साथ मारपीट व अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजघाट निवासी गणेश यादव पुत्र छेदीलाल यादव ने कोतवाली अयोध्या में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह 1 दिसंबर से 19 जनवरी तक छोटी देवकाली क्षेत्र स्थित गोलू मौर्या की इलेक्ट्रिनिक्स की दुकान पर काम कर रहा था। इस दौरान उसकी मजदूरी बकाया हो गई थी। जब उसने अपनी मेहनत की मजदूरी मांगी तो आरोपी गोलू मौर्या और मोनू गुप्ता ने उसके साथ मारपीट की और उसे प्रताड़ित किया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे ठंडे पानी से नहलाकर निर्वस्त्र किया और बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे डराया। घटना से आहत पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गोलू मौर्या व मोनू गुप्ता के खिलाफ बीएनएस की धारा 127 (2), 115 (2), 352, 351(3) में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि फिलहाल वीडियो पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।