Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल, घर...

पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल, घर में शादी के बाद रिश्तेदारों को छोड़ने जा रहा था मृतक

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। बुआ की शादी संपन्न होने के बाद रिश्तेदारों को अकबरपुर छोड़ने जा रहे तीन बाइक सवार युवकों की मोटरसाइकिल को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य का उपचार चल रहा है।

हादसा मालीपुर थाना क्षेत्र के कजरी नंदापुर गांव के निकट हनुमान मंदिर के पास हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार मालीपुर थाना क्षेत्र के कैथी नसीरपुर निवासी गौरव तिवारी की बुआ की शादी दो दिन पूर्व संपन्न हुई थी। शादी में शामिल होने आए रामपुर बनेथू निवासी 19 वर्षीय गोलू पुत्र योगेंद्र दुबे तथा बेनीपुर, थाना बेवाना निवासी 18 वर्षीय दिवाकर पुत्र संजय पांडेय को गौरव मोटरसाइकिल से अकबरपुर छोड़ने जा रहा था। तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। इसी दौरान कजरी नंदापुर के पास सामने से आ रही बोलेरो से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कैथी नसीरपुर निवासी 18 वर्षीय गौरव तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गोलू और दिवाकर का उपचार शुरू कर दिया गया। सूचना पर पहुंची मालीपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन की। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गौरव अपने परिवार में दो भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे में उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। इस संबंध में मालीपुर थानाध्यक्ष तनुज पाल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच-पड़ताल की है। हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो अन्य घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version