जलालपुर अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गोईठा गांव में शौच से लौट रही एक महिला के साथ रास्ते में अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने गांव के ही एक युवक पर अभद्र व्यवहार और अश्लील गीत गाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रंजना पुत्री गंगाराम ने मालीपुर थाना अध्यक्ष को दी गई तहरीर में बताया कि 12 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह शौच के लिए गई थी और वापस लौट रही थी। तभी रास्ते में टिकरी गांव निवासी आशिष कुमार पुत्र योगेन्द्र प्रसाद पहले से खड़ा था। महिला का आरोप है कि युवक ने उसे देखकर अश्लील गाने गाने शुरू कर दिए और उसके प्रति अभद्र इशारे किए।
महिला ने बताया कि अचानक हुई इस हरकत से वह बेहद असहज हो गई और शर्मिंदगी के कारण सिर झुकाकर वहां से घर की ओर चली गई। पीड़िता ने इस घटना की शिकायत सोमवार को थाने में दर्ज कराई।
मालीपुर थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल जारी है और दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।