जैतपुर अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार आजाद की मौजूदगी में थाना क्षेत्र के पकौली बाजार सहित अन्य बाजारों में चाइनीज मांझा की बिक्री और भंडारण को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने दुकानों की गहन तलाशी ली और दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा की बिक्री न करें।
थाना अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार आजाद ने चेकिंग के दौरान कहा कि चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है और यह आम नागरिकों, खासकर बच्चों व दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति चाइनीज मांझा की बिक्री या भंडारण करते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें एफआईआर दर्ज कर आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने दुकानदारों को भारतीय दंड संहिता एवं अन्य संबंधित अधिनियमों की जानकारी देते हुए बताया कि चाइनीज मांझा से गंभीर दुर्घटनाएं, गले और हाथ कटने जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं भी चाइनीज मांझा की बिक्री होती दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस बल ने बाजारों में घूम-घूमकर दुकानों की जांच की और पतंग विक्रेताओं को केवल वैध और सुरक्षित मांझा ही बेचने के निर्देश दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से बाजारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि चाइनीज मांझा की अवैध बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।