अयोध्या। महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से अयोध्या पुलिस द्वारा “रन फॉर एम्पावरमेंट” (नारी शक्ति व दौड़) का भव्य आयोजन पुलिस लाइन ग्राउंड में किया गया। यह कार्यक्रम “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी जितनी मजबूत होगी, देश उतनी ही तेजी से प्रगति करेगा।
दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ दौड़ में हिस्सा लेकर यह संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान “सशक्त नारी, सशक्त भारत” का नारा गूंजता रहा, जिसने पूरे वातावरण को प्रेरणादायक बना दिया। इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं के उत्थान हेतु किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया गया।