अयोध्या। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के परिणाम घोषित होते ही जनपद के लिए गर्व की बड़ी खबर सामने आई है। अयोध्या की साकेत पुरी कॉलोनी निवासी अनामिका मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है और डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित हुई हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरा जनपद और प्रदेश गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
अनामिका मिश्रा के पिता महेंद्र नाथ मिश्रा गोसाईगंज रेलवे स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी शादी तीन वर्ष पूर्व आकाश पांडे से हुई थी। अनामिका ने बताया कि उन्हें देर रात करीब 12 बजे परिणाम घोषित होने की जानकारी मिली। जब उन्होंने अपना परिणाम देखा और चौथा स्थान प्राप्त करने की पुष्टि हुई, तो खुशी के कारण पूरी रात नींद नहीं आई।
उनके पति आकाश पांडे ने इस सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और तपस्या का परिणाम बताया। विशेष बात यह रही कि अनामिका ने बिना किसी कोचिंग के घर पर रहकर ही तैयारी की। उनके पिता महेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि वे विभिन्न वेबसाइटों से अध्ययन सामग्री और नोट्स डाउनलोड कर उन्हें उपलब्ध कराते थे, जिनसे अनामिका ने निरंतर अध्ययन किया।
परिवार ने इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनामिका एक ईमानदार और निष्पक्ष अधिकारी बनें तथा अपने कार्य में संविधान को सर्वोपरि रखें। उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है और यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर बिना कोचिंग के भी बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।