जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मां के त्रयोदशी संस्कार के बाद स्नान व पूजा-पाठ के लिए निकला एक परिवार उस समय गहरे शोक में डूब गया, जब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे में मां और उसकी तीन वर्षीय मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना मालीपुर थाना क्षेत्र के रुदौली माफी गांव निवासी परिवार के साथ हुई, जो दुर्वासा ऋषि दर्शन के लिए ऑटो से जा रहा था।
घटना पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 187-188 के बीच की बताई जा रही है। चलती ऑटो का अचानक गेट खुल गया, जिससे सोनी की तीन वर्षीय बेटी सोनाक्षी सड़क की ओर गिरने लगी। बच्ची को गिरते देख मां सोनी (28), पुत्री राम सलोनी ने उसे बचाने के लिए झपट्टा मारा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से मां-बेटी दोनों सड़क पर जा गिरीं।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया, जिससे मां और बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। राहगीर सन्न रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मातम छा गया। परिवार में पहले मां की त्रयोदशी और अब बेटी व नातिन की एक साथ मौत से घर में कोहराम मच गया।
इस संबंध में मालीपुर थानाध्यक्ष स्वतंत्र मौर्य ने बताया कि दुर्घटना में मां-बेटी की मृत्यु हुई है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है।