अयोध्या । अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद रामभक्ति की लहर अब पश्चिम बंगाल तक पहुँच रही है। अयोध्या से लाई गई पवित्र मिट्टी से पश्चिम बंगाल के नदिया जिला स्थित शांतिपुर के चपातला क्षेत्र में भव्य राम मंदिर निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। यह मंदिर 15 बीघा से अधिक भूमि पर प्रस्तावित है।
इस पहल के सूत्रधार पूर्व विधायक अरविंद भट्टाचार्य हैं। उन्होंने अयोध्या जाकर श्रीराम मंदिर की पावन मिट्टी ग्रहण की है। उनका कहना है कि इसी पवित्र मिट्टी से चपातला में रामलला की स्थापना की जाएगी, जिससे अयोध्या और बंगाल के बीच आध्यात्मिक संबंध और सुदृढ़ होंगे।
अरविंद भट्टाचार्य ने अपने ट्रस्ट के सदस्य गोपाल राव के साथ मंदिर निर्माण की विस्तृत योजना पर चर्चा की है। प्रस्तावित मंदिर केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं होगा, बल्कि भक्ति, संस्कृति और सनातन मूल्यों के प्रचार-प्रसार का प्रमुख केंद्र बनेगा, जहाँ रामकथा और धार्मिक गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।
यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब बंगाल में धार्मिक और सांस्कृतिक विमर्श तेज है। विशेषकर मुर्शिदाबाद से लगभग 90 किलोमीटर दूर प्रस्तावित इस मंदिर को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। समर्थकों का मानना है कि अयोध्या की पवित्र मिट्टी से स्थापित यह मंदिर बंगाल में सांस्कृतिक जागरण का प्रतीक बनेगा और श्रद्धा, शांति व सद्भाव को नई दिशा देगा।