अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के कुचेरा बाजार स्थित कोटहिन मंदिर में मंगलमुखी किन्नर समाज द्वारा आयोजित श्रीरामचरितमानस पाठ का समापन शुक्रवार को हवन–पूजन, कन्या पूजन और भव्य भंडारे के साथ हुआ। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन किन्नर समाज की गद्दीपति एवं समाजसेवी पिंकी मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले आठ वर्षों से यह परंपरा निरंतर जारी है और हर वर्ष श्रद्धा व भक्ति के साथ श्रीरामचरितमानस पाठ आयोजित किया जाता है।
पिंकी मिश्रा ने कहा कि “हम हर वर्ष भंडारा इसलिए करते हैं ताकि सबका आशीर्वाद प्राप्त हो सके। जो कुछ भी हमारे पास है, वह जजमानों का ही दिया हुआ है, इसलिए उसे उन्हीं को समर्पित करते हैं।”
उन्होंने बताया कि उनकी माता कोटहिन देवी के प्रति उनकी गहरी आस्था है और उनकी इच्छा है कि मंदिर का भव्य रूप से पुनर्निर्माण कराया जाए। उन्होंने अयोध्या में चल रही परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की मंगलकामना भी व्यक्त की।
पिंकी मिश्रा ने बताया कि यह धार्मिक परंपरा उनके गुरुजनों—दादी गुलाब किन्नर, गुरु दीदी शांति (बकरीदन किन्नर), स्वर्गीय जन्नतिया और गुलशन बिंदु किन्नर—द्वारा प्रारंभ की गई थी, जिसे वे आगे बढ़ा रही हैं।
कार्यक्रम में पिंकी नायक, नताशा नायक, मंजू नायक, ललिता नायक, पूजा, हेमा, लवली, राखी, काजल, नरगिस सहित बड़ी संख्या में किन्नर समाज के सदस्य तथा स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और सौहार्द का वातावरण बना रहा।