बसखारी अंबेडकर नगर।बसखारी का ऐतिहासिक भरत मिलाप मेला एवं दुर्गा पूजा महोत्सव से क्षेत्र का वातावरण भक्ति मय हो चुका है। मंगलवार को जहां वैदिक मंत्रोंच्चारण के बीच बसखारी में स्थापित पूजा पंडालों में दुर्गा माता की प्रतिमाओं के पट भक्तों की पूजा-अर्चना के लिए खोल दिया गये।
वहीं बुधवार को ऐतिहासिक भरत मिलाप के लिए नगर क्षेत्र को बिजली की रंग बिरंगी रोशनी से सजाकर दीपावली जैसा अद्भुत नजारा नगर वासियों के द्वारा प्रस्तुत करने का क्रम जारी रहा।बसखारी का भरत मिलाप पूर्वांचल का एक प्राचीन और बड़ा मेला है।जो बसखारी की रामलीला के मंचन के अंतर्गत राम और भरत के मिलन को ऐतिहासिक व संजीव रूप से प्रस्तुत करता है । भाईचारे प्रेम और समाज को एक जुट करने वाले मूल्यों के प्रतीक भरत मिलाप मंचन के दौरान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का मिलाप होता है।बसखारी राम-भरत मिलाप के दौरान निकाली जाने वाली झांकियां भरत मिलाप का प्रमुख आकर्षक होती है। जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओ की भारी भीड इस दिन उमड़ पड़ती है। इस बार यह अवसर श्रद्धालुओं को 8 अक्टूबर की रात मध्य रात्रि देखने को मिलेगा।भगवान राम के आगमन पर पूरा वातावरण जय श्री राम के नारों से गूंज उठता है।
इस दौरान बसखारी बाजार में सुशोभित विभिन्न पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का दर्शन कर भक्त पूजा अर्चना करते हुए राम भरत मिलाप के मंचन का भक्ति विभोर हो आनंद उठाते हैं। मेले में उमड़ी भीड़ एवं इस ऐतिहासिक पल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस के साथ साथ जनपद की कई थानों की पुलिस, अतिरिक्त पीएसी बल के साथ जनपद के कई उच्च अधिकारी भी मेले में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए मुस्तैदी के साथ जुटे रहते हैं।
बसखारी पुलिस ने भरत मिलाप के ऐतिहासिक पल पर अव्यवस्था फैलाने वाले या अश्लील हरकत करने वाले मनचलों पर शिकंजा कसने के लिए मजनू पिंजरा तैयार कर नगर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया।शोभा यात्रा के स्वागत के लिए समाजसेवी संगठनों व समाजसेवियों के द्वारा बसखारी बाजार के कई मुख्य स्थानों पर मंच लगाकर पुष्प वर्षा करते हुए स्वागत करने का भी क्रम इस ऐतिहासिक पल की खूबसूरती में चार चांद लगा देता है।