अयोध्या। मवई पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 74 किलो 675 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। तस्करी में प्रयुक्त एक हुंडई वरना कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह सूचना मिली थी कि एक कार में उड़ीसा से गांजा लादकर अयोध्या के रास्ते लखनऊ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना मवई पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने एनएच-27 पर मवई चौराहा ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की। संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कार में सीट के नीचे बनाए गए गुप्त बॉक्स के जरिए गांजे की तस्करी करते थे। उड़ीसा में कम कीमत पर गांजा खरीदकर लखनऊ में बेचने की बात भी आरोपियों ने पुलिस को बताई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण गोपाल श्रीवास्तव निवासी यहियागंज, लखनऊ और अरविन्द कुमार वर्मा निवासी बूड़नपुर, अम्बेडकर नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस तस्करी से जुड़े नेटवर्क के अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।