Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या युवा संसद में गूंजे लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण के स्वर, 15 विद्यालयों...

युवा संसद में गूंजे लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण के स्वर, 15 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने किया संसदीय कार्यप्रणाली का प्रदर्शन

0

◆ सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल में ‘राष्ट्रोदय यूथ पार्लियामेंट’ का आयोजन, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने किया शुभारंभ


अयोध्या। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल में बुधवार को ‘राष्ट्रोदय यूथ पार्लियामेंट’ का भव्य आयोजन हुआ। ‘संकल्प से सिद्धि’ विषय पर आयोजित युवा संसद में अयोध्या और आसपास के 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाते हुए संसदीय कार्यप्रणाली का जीवंत प्रदर्शन किया।

युवा संसद में विद्यार्थियों ने रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। सत्ता पक्ष की ओर से जहां नीतिगत पक्ष रखे गए, वहीं विपक्ष की भूमिका निभा रहे विद्यार्थियों ने सरकार की नीतियों पर तार्किक सवाल उठाए। प्रश्नकाल, संसदीय बहस और विचार-विमर्श के दौरान विद्यार्थियों ने अपने आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल और तार्किक क्षमता का परिचय दिया।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन बच्चों को लोकतंत्र की वास्तविक भावना से परिचित कराते हैं। इससे उनमें नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है।

विद्यालय के निदेशक विशाल गुप्ता ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव देना भी जरूरी है। ऐसे आयोजन उनमें आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। प्रधानाचार्य अनिल कुमार एम.बी. ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय लोकतंत्र, संविधान और संसदीय परंपराओं की व्यावहारिक जानकारी देना है।

इस अवसर पर समन्वयक डॉ. प्रगति श्रीवास्तव और प्रशासनिक अधिकारी सतीश कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। आयोजन में शिक्षिका शशि द्विवेदी, अनामिका मिश्रा, सुधा गिरी सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान रहा।

युवा संसद में जे.बी.ए. (जिंगल बेल एकेडमी), सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, एम.आई.एस. इंटरनेशनल, टाइनी टॉट्स, उदया पब्लिक स्कूल, ग्रामर एकेडमी, भवदीय पब्लिक स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल, अवध इंटरनेशनल, सनबीम स्कूल, नवोदय एकेडमी, एम.जे.एस. एकेडमी, एफ.पी.एस. स्कूल, कैम्ब्रियन स्कूल और महाराजा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version