अयोध्या । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 का आयोजन 27 जुलाई 2025 (रविवार) को किया जाएगा। यह परीक्षा जनपद अयोध्या में कुल 44 परीक्षा केंद्रों पर पूर्वाह्न 9:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें 19,584 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ की हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा, आवश्यक पुलिस बल की भी तैनाती सुनिश्चित की गई है जो आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करेंगे। परीक्षा के मद्देनज़र नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, और व्यस्त चौराहों पर भी पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है ताकि यातायात व्यवस्था और सुरक्षा में कोई बाधा न आए।
परीक्षा से संबंधित सभी अधिकारियों—सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्राध्यक्ष, केंद्र व्यवस्थापक, नोडल अधिकारी (पुलिस एवं प्रशासन), आयोग के समन्वयी पर्यवेक्षक तथा सुरक्षा एजेंसी “सी” सहित अन्य संबंधितों की एक बैठक कर उन्हें प्रशिक्षण प्रदान किया गया है और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर परिधि में कोई भी फोटोकॉपी की दुकान संचालित नहीं होगी। सावन झूला मेला को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग द्वारा रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी लागू की गई है, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो।