जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के खजूरी बाजार में मंगलवार सुबह दुकान पर बैठे एक युवक पर चार पहिया वाहन से पहुंचे हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली युवक के पैर में घुटने के पास लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर बाजार में भगदड़ मच गई। भीड़ जुटने पर आरोपी वाहन में बैठकर फरार हो गए। घटना के बाद बाजार में सनसनी फैल गई।
हाजीपुर गांव निवासी अतुल कुमार यादव (युवक) ने बताया कि वह सुबह खजूरी बाजार में खाद लेने आया था। खाद की दुकान पर भीड़ होने के कारण वह पास की चाय-समोसे की दुकान पर बैठकर समोसा खा रहा था। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन से चार ज्ञात और एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। वाहन से उतरते ही एक आरोपी ने पिस्तौल से उस पर फायर कर दिया। गोली उसके पैर में घुटने के पास लगी।
गोली लगने के बाद घायल अतुल हमलावरों से बचने के लिए भागने लगा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। भीड़ बढ़ती देख आरोपी चार पहिया वाहन में बैठकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक खतरे से बाहर है।
क्षेत्र में चर्चा है कि घायल युवक और आरोपी पहले मित्र थे, लेकिन किसी विवाद के बाद उनके बीच संबंध खराब हो गए थे। पुलिस घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर भी जांच कर रही है।
मालीपुर थानाध्यक्ष शशांक कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजा गया। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।