◆ बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने रामलला के दरबार में लगाई हाजिरी, बोले– योगी सरकार में यूपी में रामराज्य जैसा माहौल
अयोध्या। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन किया। रामलला के समक्ष नतमस्तक होकर उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने राम मंदिर आंदोलन के संघर्षों को याद किया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना की।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करोड़ों रामभक्तों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। मंदिर आंदोलन के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा। इस दौरान जेल जाना पड़ा और लाठियां भी खानी पड़ीं। अनेक रामभक्तों के बलिदान के बाद आज रामलला का भव्य मंदिर साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद अयोध्या में मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को नया स्वरूप मिला।
बिहार से अयोध्या पहुंच रहे श्रद्धालु
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आ रहे हैं। रामलला के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी और संतोष मन को प्रसन्नता से भर देता है। अयोध्या में श्रद्धालुओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि भगवान श्रीराम के प्रति लोगों की आस्था कितनी गहरी है।
योगी सरकार की कानून–व्यवस्था की सराहना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि उनकी लोकप्रियता उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में है। उनके नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है और कानून का भय बना हुआ है। उनके अनुसार, प्रदेश में रामराज्य जैसा माहौल दिखाई दे रहा है।
सीतामढ़ी में बनेगा माता जानकी का भव्य मंदिर
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि बिहार के सीतामढ़ी में माता जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। करीब 850 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मंदिर को दो वर्षों में पूरा करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के बाद सीतामढ़ी में माता जानकी का दिव्य मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे बिहार में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।