जलालपुर, अंबेडकरनगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के अमदही नहर के किनारे बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमदही गांव निवासी सलमान 22 वर्ष अपने गांव के ही दोस्त विकास 17 वर्ष के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्कूली बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सलमान को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल विकास को आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद बस चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में जैतपुर थाना अध्यक्ष धीरेंद्र आजाद ने बताया कि घटना में एक युवक की मौत हुई है और दूसरा घायल है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।