जलालपुर, अम्बेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र के रहीमपुर पट्टी गांव निवासी एक युवक की राजस्थान के जालौर जनपद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को युवक का शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में कन्नूपुर स्थित तमसा तट पर युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार रहीमपुर पट्टी गांव निवासी प्रदीप कुमार पुत्र फूलचंद रोजगार के सिलसिले में राजस्थान के जालौर जनपद में रहता था। मंगलवार को परिजनों को सूचना मिली कि प्रदीप का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता हुआ पाया गया है। सूचना मिलते ही परिजन राजस्थान के लिए रवाना हो गए। स्थानीय पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
बुधवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। इसके बाद गमगीन माहौल में कन्नूपुर स्थित तमसा तट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताया जाता है कि प्रदीप की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी और उसका एक पुत्र है। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिजनों के अनुसार, युवक पारिवारिक कलह से परेशान था। इसी के चलते उसके द्वारा राजस्थान में यह कदम उठाए जाने की बात बताई जा रही है।