Tuesday, November 10, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरपंजाब में सड़क हादसे में युवक की मौत, शव  घर पहुंचते ही...

पंजाब में सड़क हादसे में युवक की मौत, शव  घर पहुंचते ही मचा कोहराम


जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जिस घर में दीपावली पर खुशियों के दीप जलने की तैयारी थी, वहां त्योहार के दिन युवक का पार्थिव शरीर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। पंजाब में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले जैतपुर थाना क्षेत्र के आशापार गांव निवासी अरुण कुमार गुप्ता 30 वर्ष का शव आठ नवंबर को दीपावली के दिन गांव पहुंचा तो परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पत्नी और परिजनों का करुण क्रंदन सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अरुण करीब एक वर्ष से पंजाब में मजदूरी कर रहे थे। छह नवंबर को धनतेरस की शाम वह बाइक से अपनी बहन से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। दीपावली के दिन उनका शव गांव पहुंचने पर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

अरुण अपने पीछे पत्नी खुशबू और महज दो वर्ष के बेटे अथर्व को छोड़ गए हैं। दो भाइयों में छोटे अरुण ही परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थे। बड़े भाई सुदर्शन गुप्ता के मुताबिक परिवार भूमिहीन है और उसके पास खेती की जमीन भी नहीं है। अरुण की मजदूरी से ही घर का खर्च चलता था। उनके असमय निधन से परिवार के सामने अब भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments