आलापुर, अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी गया सामान बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी श्रीप्रकाश पाठक का परिवार सोमवार की रात घर के बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सामने स्थित बैठका के कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखी गोदरेज की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे आभूषण व नकदी पार कर दी।
चोर 20 हजार रुपये नकद, सोने की दो अंगूठियां, दो झुमके, एक नथुनी, एक कील, एक मंगलसूत्र, चांदी की तीन पायल और तीन जोड़ी बिछुआ लेकर फरार हो गए। सुबह परिजनों की नींद खुली तो कमरे का ताला टूटा और अलमारी का सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई। घटना की सूचना पीड़ित ने राजेसुल्तानपुर थाने में लिखित रूप से दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस की जांच के दौरान एक घर से चोरी का पूरा सामान बरामद होने की बात सामने आई। महज 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा होने से ग्रामीणों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की।