अयोध्या। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर पिरखोली गौशाला में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ गौमाता की पूजा-अर्चना की गई। रमेश सिंह सेवा संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गौमाता को तिलक लगाकर और पुष्पमाला अर्पित कर पूजन किया गया। इसके बाद गुड़, चना सहित विभिन्न प्रकार के आहार खिलाकर गौवंश के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया गया।
इस अवसर पर गौशाला में मौजूद गायों और बछड़ों को विशेष रूप से भोजन कराया गया। संस्थान से जुड़े पदाधिकारियों और गौसेवकों ने गौमाता की सेवा एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि गौवंश के प्रति सम्मान, सेवा और संरक्षण का संदेश भी देती है। भारतीय संस्कृति में गौसेवा का विशेष महत्व है। गौवंश का संरक्षण और उनकी देखभाल समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि गौशाला में गायों के लिए चारा-पानी, स्वच्छता और बेहतर देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संस्थान निरंतर प्रयास कर रहा है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौसेवा और गौसंरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गौसेवा को निरंतर आगे बढ़ाने तथा गौवंश के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।