जलालपुर अंबेडकरनगर। असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा देने गोरखपुर जा रहे बाइक सवार दो युवक खड़ी ट्रेलर से टकरा गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नगपुर निवासी मोहम्मद आसिफ (25) पुत्र करार हुसैन और मोहम्मद आफताब (26) पुत्र हसन रजा बाइक से असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा देने गोरखपुर जा रहे थे। दोनों खजनी क्षेत्र के पास पहुंचे थे, तभी सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद आसिफ को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मोहम्मद आफताब की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक आसिफ पांच बहनों और छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था। उसके तीन बड़े भाई बाहर रहकर निजी नौकरी करते हैं, जबकि छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। पांच बहनों में तीन की शादी हो चुकी है। मृतक के पिता करार हुसैन की करीब तीन वर्ष पहले ही मौत हो चुकी थी।इस संबंध में जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि हादसे की सूचना प्राप्त हुई है।